ग्राम पंचायत खुशीपुरा के मजरा नगला सोरन में मायके में रह रही मीरा देवी (30) की बृहस्पतिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार महिला गर्भवती थी और पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थी।
बुधवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए किसी अन्य अस्पताल ले जाने की सलाह दी। वहीं, ग्राम प्रशासक के प्रतिनिधि रमेशचंद्र ने बताया कि मंगलवार को मीरा देवी अपने निजी तालाब के पास घूमने गई थी। इसी दौरान किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया था। इसके बाद से उसकी तबीयत खराब बताई जा रही थी। बृहस्पतिवार सुबह घर पर ही उसकी अचानक मौत हो गई।
मीरा देवी की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व एटा जिले के थाना सकीट क्षेत्र के गांव उड़ेसर निवासी वकील पुत्र पूरन सिंह के साथ हुई थी। वर्तमान में वह मायके में रह रही थी। मृतका अपने पीछे एक बेटे और दो बेटियों को छोड़ गई है। बिजौली सीएचसी के अधीक्षक डॉ.नवीन कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। हमारे पास इस तरीके का कोई मरीज नहीं आया है।