जेएन मेडिकल कालेज में मंगलवार की रात एक नवजात की प्रसव के दौरान मौत हो गई। प्रसूता की हालत बिगड़ गई। गुस्साए परिजनों ने यहां हंगामा काट दिया। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ और वह प्रसूता को गंभीर हालत में क्वार्सी स्थित एक प्राइवेट ट्रामा सेंटर में लेकर पहुंचे। यहां डाक्टरों ने प्रसूता की हालत देख उसे भर्ती करने से इंकार कर दिया। इस पर परिवारीजन महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उसकी भी मौत हो गए। गुस्साए परिवारीजनों ने यहां भी हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिवार वालों को शांत कराया।
सोनी (24) पुत्री शब्बीर निवासी चौड़ी गली, भुजपुरा, कोतवाली को रात को प्रसव पीड़ा उठा। प्रसव पीड़ा के दौरान वह सासनी गेट स्थित मदीना कालोनी स्थित अपने मायके में थी। मायके वाले उन्हें जेएन मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे। यहां देर रात को सोनी को एक बेटी पैदा हुई। मगर, कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया।
इधर महिला की भी हालत बिगड़ गई। नवजात की मौत की सूचना पर परिवार वालों ने हंगामा काटा। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने जैसे-तैसे मामला संभाला। परिवार वालाें की मांग पर महिला की यहां से छुट्टी कराई और उसे क्वार्सी चौराहा स्थित प्राइवेट ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां डाक्टरों ने महिला को भर्ती करने से इंकार कर दिया।
इसके बाद उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां महिला ने बुधवार तड़के दम तोड़ दिया। बन्नादेवी पुलिस ने हंगामा कर रहे परिवार वालों को शांत कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका की मां नसरीन ने दामाद शब्बीर पर बेटी के प्रति लापरवाह रवैया अपनाने का आरोप लगाया। हालांकि लिखित तहरीर नहीं दी।