निजी अस्पताल में गर्भस्थ शिशु सहित महिला की मौत
अलीगढ़-पलवल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान गर्भस्थ शिशु सहित महिला की मौत हो गई। अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए परिजन ने बुधवार शाम अस्पताल के बाहर हंगामा किया।
गांव भमरौला निवासी पंकज कुमार के अनुसार उन्होंने अपनी पत्नी सत्यवती (32) को 28 जुलाई को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप लगाया कि डॉक्टर नरेश ठाकुर और मनोज की देखरेख में उपचार चल रहा था। उन्हें लगातार ग्लूकोज की बोतलें चढ़ाई जा रही थीं। बुधवार की शाम करीब चार बजे सत्यवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस पर डॉक्टरों ने महिला को अलीगढ़ ले जाने के लिए कहा। अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में सत्यवती की मौत हो गई। परिजन शव लेकर वापस अस्पताल पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला।
इस पर नाराज परिजनों ने शव अस्पताल के सामने रखकर हंगामा किया। सूचना पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक रोहित भाटी और खैर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के पति पंकज कुमार ने चिकित्सकों की लापरवाही से पत्नी और गर्भस्थ शिशु की मौत का आरोप लगाया। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीएचसी अधीक्षक रोहित भाटी ने अस्पताल संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। सीओ अभिषेक पटेल ने बताया कि तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।