थाना क्षेत्र की रॉयल होम्स कॉलोनी में मंगलवार रात पति ने अवैध संबंध के शक में पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। बुधवार सुबह उसका दोस्त घर मिलने पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र की पूजा कॉलोनी निवासी विष्णु दयाल ने अपनी बेटी संगीता (32) की शादी 12 साल पहले अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना क्षेत्र के चूहरपुर निवासी लालू पुत्र सुखवीर के साथ की थी। शादी के बाद दंपती को संतान का सुख नहीं मिला। लगभग आठ माह पूर्व चूहरपुर की अपनी हिस्से की पैतृक जमीन बेचकर यह दंपती हरदुआगंज में किराए पर रहने लगा। इस दौरान लालू की रॉयल होम्स कॉलोनी में रहने वाले राजकुमार से मुलाकात हो गई। उसके साथ वह राज मिस्त्री का काम करने लगा। एक माह पहले राजकुमार ने रॉयल होम्स फेज दो में लालू को किराए पर एक मकान का ऊपरी हिस्सा दिलवा दिया था।
इस दौरान राजकुमार का लालू के घर आना जाना बढ़ गया। लोगों ने बताया कि लालू के मन में पत्नी संगीता के राजकुमार के साथ अवैध संबंध को लेकर शक पैदा हो गया था। मंगलवार देर रात उसने चारपाई पर सो रही पत्नी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी और घर से फरार हो गया। बुधवार सुबह राजकुमार घर पहुंचा तो उसे घटना की जानकारी हुई। उसने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। उसके बाद क्षेत्राधिकारी अतरौली शिव प्रताप सिंह समेत थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मौके पर पहुंच गए। फील्ड यूनिट की टीम को मौके पर बुलाकर सघन परीक्षण कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।