जीटी रोड स्थित बिजलीघर के सामने सोमवार की शाम एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई। पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
बुलंदशहर के थाना खुर्जा के गांव कनेनी निवासी विवेक कुमार सोमवार को बाइक से पत्नी रानी (30) के साथ एटा जा रहे थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे उनकी बाइक अकराबाद टोल प्लाजा के पास बड़े बिजलीघर के पास पहुंची। इस बीच पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना स्थल पर मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर आ गई। अचेत हालत में दोनों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया, जहां डाक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने रानी को मृतक घोषित कर दिया।