कोतवाली क्षेत्र के गांव बलीपुर का आर्मी में तैनात 25 वर्षीय जवान श्रीनगर में आतंकवादियों से हुई मुुठभेड़ में शहीद हो गया है। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है, वहीं गांव में भी मातम का माहौल है। शव के गुरुवार को सुबह गांव पहुंचने की संभावना है।
गांव बलीपुर निवासी जगदीश सिंह का बड़ा बेटा विपिन कुमार वर्ष 2004 में आगरा से आर्मी जाट रेजीमेंट में भर्ती हुआ था। वर्तमान में वह श्रीनगर में तैनात था। मंगलवार को श्रीनगर में आतंकवादियों से मुठभेड़ में वह शहीद हो गया।
सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शहीद की पत्नी, बच्चे और अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। शहीद के पिता जगदीश सिंह ने बताया कि विपिन 28 मई को 15 दिनका अवकाश लेकर गांव आया था। वह चार दिन पहले 11 जून को ही वापस गया था। उसे बुधवार की सुबह बेटे के श्रीनगर में आतंकवादियों से मुठभेड़ में शहीद होने की सूचना मिली तो उनके होश उड़ गए।
सीओ खैर ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा विपिन के शहीद होने की सूचना दी गई है। सही जानकारी सेना से सूचना के बाद ही हो सकेगी।