कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के युवक के प्रेम में धोखा खाई लखनऊ की एक महिला पत्रकार प्रेमी को खोजते हुए खैर में उसके घर पहुंच गई। उसने प्रेमी के परिजनों को पूरी कहानी सुनाते हुए उसे घर में शरण देने की मांग की, लेकिन परिजनों ने साफ इंकार कर दिया। वहीं प्रेमी की पत्नी ने युवती को जमकर खरी खोटी सुनाई।
बताते हैं कि सोफा चौकी क्षेत्र के एक गांव का एक युवक लखनऊ की एक प्राइवेट कंपनी में कार्य करता था। इस दौरान उसकी मुलाकात लखनऊ में एक टीवी चैनल की महिला पत्रकार से हुई। कुछ ही दिनों में दोनों में प्रेम हो गया। दोनों में साथ जीने मरने की कसमें खाते हुए एक माह पूर्व कोर्ट मैरिज कर ली।
15 दिन दोनों प्रेमी युगल लखनऊ में ही किराये के मकान में रहे। लेकिन बाद में अचानक प्रेमी युवती को गच्चा देकर लापता हो गया। युवती ने किसी तरह से प्रेमी का पता खोज निकाला और बुधवार को खैर के गांव में स्थित प्रेमी के घर पहुंच गई। प्रेमी तो घर पर नहीं मिला।
जिस पर युवती ने पूरी कहानी उसके परिजनों को कह सुनाई। उसने अपने आपको लीगल पत्नी बताते हुए घर में रहने की बात कही। लेकिन परिजनों ने उसे रखने से साफ इंकार कर दिया। परेशान युवती ने कोतवाली में पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने लिखकर देने के लिए कहा तो उसने साफ इंकार कर दिया। उसका कहना था कि वह प्रेमी के खिलाफ कोई कार्रवाई भी नहीं चाहती, लेकिन उसके साथ ही रहेगी। बाद में देखने की बात कहते हुए वह वापस लखनऊ लौट गई।