बरात में शामिल एक कार से दूल्हे के लिए खाना लेने जा रहे दुल्हन के भाई जीतू और सविता समाज के विजय कुमार के टक्कर लग गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इस पर गांव वालों ने कार सवार बरातियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई की। साथ ही कार में तोड़फोड़ की।
गांव लालगढ़ी में 16 जनवरी की शाम दो बहनों की आई बरात में एक बरात की कार से दुल्हन के भाई सहित दो लोग घायल हो गए। इस पर ग्रामीणों ने कार सवार लोगों की पिटाई करते हुए कार में तोड़फोड़ कर दी। उधर दूसरे घायल के परिवार ने एलान कर दिया कि इलाज का पूरा खर्च मिले बिना शादी नहीं होने दी जाएगी। पूरी रात पंचायत चली, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। बरात को बंधक बनाए जाने की खबर पर पुलिस पहुंच गई। इसके बाद शुक्रवार को दिन में शादी हुई और बरात विदा हुई।
विज्ञापन
गांव लालगढ़ी निवासी सुखदेव की एक बेटी की बरात अलीगढ़ शहर के धनीपुर से और दूसरी बरात हरदुआगंज के गांव सांते से आई थी। गांव सांते से आई बरात में शामिल एक कार से दूल्हे के लिए खाना लेने जा रहे दुल्हन के भाई जीतू और सविता समाज के विजय कुमार के टक्कर लग गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इस पर गांव वालों ने कार सवार बरातियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई की। साथ ही कार में तोड़फोड़ की।
किसी तरह वह कार छोड़कर वहां से भागे। इसके बाद घायल विजय कुमार के भाई ने कहा कि जब तक उनके भाई के इलाज का पूरा खर्च नहीं मिल जाता, वह शादी नहीं होने देंगे। रात में पंचायत हुई, लेकिन बात नहीं बनी। इस पर पुलिस को सूचना दी गई कि बरात को बंधक बना लिया गया है। शादी नहीं की जा रही है। इस पर पुलिस कर्मी गांव पहुंच गए। पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अलीगढ़ शहर भिजवाया। बाइक व कार को थाने में खड़ा करवाया। साथ ही समझाकर शादी की प्रक्रिया पूरी करवाईं। इसके बाद 17 जनवरी की दोपहर करीब एक बजे बरात विदा हुई।