अलीगढ़ की निशात बाग कॉलोनी में जलभराव की समस्या, टूटी नालियों, बदहाल सड़क को लेकर मोहल्ले वालों ने रोष व्यक्त किया। कांग्रेस नेता की अगुवाई में मोहल्ले के लोगों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
अलीगढ़ के क्वार्सी बाईपास रोड पर कमिश्नरी कार्यालय के पास स्थित निशात बाग कॉलोनी में जलभराव और खराब नालियों की समस्या है। कॉलोनी में नालियों और सड़कों की बदहाल स्थिति के कारण गंदगी है। जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है। 3 अगस्त को कांग्रेस नेता की अगुवाई में मोहल्ले के लोगों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
कांग्रेस नेता आगा युनुस ने बताया कि इस समस्या पर पहले भी नगर निगम के खिलाफ आंदोलन किया गया था। तत्कालीन नगर आयुक्त को कॉलोनी की दयनीय स्थिति बताई गई थी। सहायक नगर आयुक्त ने पूरी स्थिति को भी देखा था। इसके बाद नाली निर्माण और मिट्टी भराव का काम शुरू हुआ, मगर संपर्क नाले तक पानी ले जाने वाली नाली नहीं बनाई गई।
उन्होंने कहा कि ठेकेदार और भ्रष्ट इंजीनियर मिलकर घटिया निर्माण कर रहे हैं। काॅलोनी में बनाई गई नाली 15 दिन में ही टूट गई है, क्योंकि नीचे मिट्टी नहीं डाली गई और पानी का ढलान उल्टा कर दिया गया। कहा कि नगर निगम अलग से एक टेक्निकल टीम भेजकर निर्माण की जांच कराए तो पूरी हकीकत सामने आ जाएगी। समाधान नहीं हुआ तो सड़क पर प्रदर्शन करेंगे।