अलीगढ़ के सराय मियां और मंदिर वाली गली को जिस इंडिया मार्का हैंडपंप से पानी सप्लाई होता है उसकी मोटर खराब हो गई थी। इससे पेयजलापूर्ति लड़खड़ा गई। नलों में पानी ही नहीं आया। जबकि घरों के बाहर भारी जलभराव था।
अलीगढ़ में 1 सितंबर को हुई भारी बारिश से शहर के अधिकांश इलाकों में घुटनों घुटनों पानी था। लेकिन शहर के सराय मियां में एक हजार घर ऐसे थे जहां पीने को पानी नहीं था। मोटर खराब हो जाने से दिक्कत खड़ी हुई। गुस्साए लोगों ने पेयजल के लिए हंगामा किया। इनका कहना था कि इस इलाके में आए दिन पानी का संकट खड़ा हो जाता है।
विज्ञापन
दरअसल सराय मियां और मंदिर वाली गली को जिस इंडिया मार्का हैंडपंप से पानी सप्लाई होता है उसकी मोटर खराब हो गई थी। इससे पेयजलापूर्ति लड़खड़ा गई। नलों में पानी ही नहीं आया। जबकि घरों के बाहर भारी जलभराव था। सड़कें तालाब बनी हुईं थीं। जब दोपहर तक भी नलों में पानी नहीं आया तो गुस्साए लोग सड़क पर आ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। बरसात के चलते पानी के टैंकर भी यहां नहीं पहुंच सके थे।
वार्ड के पार्षद अब्दुल मुत्तलिब ने बताया कि इस समस्या के बारे में उन्होंने कई बार जलकल विभाग के जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को अवगत कराया है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। एई पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को बारिश के चलते काम नहीं हो सका। मंगलवार को टीम भेजकर पानी की आपूर्ति को सही करवा दिया जाएगा।