चंडौस-पिसावा मार्ग से जौहरा को जाने वाले रोड पर जलभराव। स्रोत : ग्रामीण
- फोटो : samvad
कारगिल के बलिदानी योगेंद्र सिंह चौहान के गांव एलमपुरा के मजरा जौहरा को जाने वाले करीब तीन किमी के मुख्य रास्ते पर करीब 20 दिन से बारिश का पानी भरा हुआ है। गांव में बलिदानी का स्मारक भी बना हुआ है। परिवार भी गांव में रहता है। 26 जुलाई को कारगिल दिवस है। इस दिन स्मारक पर कार्यक्रम भी होना है। जलभराव के कारण कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में लोगों को असुविधा होगी।
ग्रामीणों ने बताया कि योगेंद्र सिंह चौहान के तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह भी गांव जौहरा आए थे। बलिदानी की याद में स्मारक बनवाया गया था और चंडौस-पिसावा मार्ग से जौहरा तक तीन किलोमीटर सड़क भी बनवाई गई थी। इस मार्ग पर पिछले 20 दिनों से बारिश का पानी भरा हुआ है। ग्रामीणों ने बारिश के पानी को निकलवाने की मांग प्रशासन से की है। इसके लिए सुरेंद्रपाल सिंह ने सीएम पोर्टल पर शिकायत भी की है। जौहरा निवासी प्रेमपाल सिंह का कहना है कि स्मारक स्थल पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने वालों को आवागमन में असुविधा न हो, इसलिए कारगिल दिवस से पहले पानी की निकासी कराई जाए।