अतरौली से कॉंग्रेस प्रत्याशी डॉ. धर्मेंद्र लोधी।
- फोटो : CITY OFFICE
विधानसभा चुनाव के लिए आज से नामांकन शुरू होने जा रहा है। अभी तक सिर्फ कांग्रेस ने जिले की सात में से चार सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। बृहस्पतिवार दोपहर को कांग्रेस ने जिले की कोल सीट पर राष्ट्रीय सचिव विवेक बंसल, शहर पर एएमयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष सलमान इम्तियाज, बरौली से युवक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरांग देव चौहान और अतरौली से डॉ. धर्मेंद्र लोधी को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। अभी तीन छर्रा, खैर व इगलास सीट के दावेदार घोषित होना बाकी है। संकेत हैं कि आज शुक्रवार को इन तीनों पर भी नाम घोषित हो सकते हैं।
पार्टी हाईकमान ने बृहस्पतिवार दोपहर प्रदेश की 125 दावेदारों की पहली सूची जारी की है। इस सूची में जिले की चार सीटें शामिल हैं, जिनमें कोल से पार्टी के शहर से पूर्व विधायक, पूर्व एमएलसी राष्ट्रीय सचिव व हरियाणा प्रभारी पर ही दांव खेला है। हालांकि यह नाम पहले से तय माना जा रहा था, क्योंकि विवेक पूर्व में भी इस सीट पर चुनाव लड़ चुके हैं। ऊपरकोट के रहने वाले मुसलिम चेहरे एएमयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष मो. सलमान इम्तियाज पर पार्टी ने शहर सीट पर दांव खेला है। सलमान अध्यक्ष बनने के बाद से कांग्रेस नेताओं के करीब थे। शहर पर वे तभी से तैयारी भी कर रहे थे और उनकी दावेदारी सुर्खियों में थी। इसी तरह बरौली पर पार्टी के युवा ठाकुर नेता गौरांग देव चौहान पर दांव खेला है।
गौरांग पार्टी में विभिन्न पदों पर रहते हुए वर्तमान में यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। उनके दादा स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं। इसी तरह अतरौली पर लोधी समाज से कांग्रेस कांग्रेस मोर्चा के पदाधिकारी डॉ. धर्मेंद्र लोधी पर दांव खेला है। अतरौली के हेवतपुर के धर्मेंद्र ने अतरौली से राष्ट्रीय क्रांति पार्टी से पिछला चुनाव भी निर्दल लड़ा था और पिछले तीन साल से पार्टी से जुड़े हैं। पेशे से प्रॉपर्टी डीलर धर्मेंद्र भी लंबे समय से टिकट की दावेदारी कर रहे थे। पूर्व में वे भाजपा में भी जुड़े रहे हैं। जिलाध्यक्ष ठा. संतोष सिंह ने बताया कि पार्टी ने अभी चार सीटें घोषित की हैं। शेष तीन छर्रा, खैर व इगलास सीटों पर भी शुक्रवार तक प्रत्याशी घोषित होने की उम्मीद है। चारों प्रत्याशियों के एक-दो दिन में नामांकन कराए जाएंगे।
कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी घोषित होने पर माता पिता से आशीर्वाद लेते गौरांग देव चौहान।- फोटो : CITY OFFICE
शहर से कांग्रेस प्रत्याशी सलमान इम्तियाज।- फोटो : CITY OFFICE