महानगर के शीशियापाड़ा के फर्नेश कारोबारी सुरेंद्र कुमार जिंदल के इगलास क्षेत्र में अपहरण व फिरौती वसूल कर छोड़ने के मामले में पुलिस ने कुख्यात विनोद जाट गैंग के सदस्य चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अभी इस मामले में दो आरोपी फरार हैं, जिनकी लगातार तलाश की जा रही है।
एसपी देहात शुभम पटेल ने शनिवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया कि 16 जून को गांधीपार्क शीशियापाड़ा के 60 वर्षीय सुरेंद्र जिंदल का इगलास क्षेत्र में अपनी कार से फैक्टरी जाते समय अपहरण हुआ था। बाद में बदमाशों ने उन्हीं के नंबर से उनकी पत्नी को फोन लगाकर फिरौती मांगी थी और छह लाख लेकर ही सुरेंद्र को छोड़ा था। इस मामले में अब तक जयपाल निवासी नगला हरिकन्ना, कुख्यात विनोद जाट व संतोष निवासी महामौनी थाना मुरसान (हाथरस), विनोद निवासी पथैना, भरतपुर (राजस्थान), पिंटू निवासी राया (मथुरा), राकेश निवासी लालपुर के नाम प्रकाश में आए थे। संतोष, जयपाल व विनोद जाट जेल जा चुके हैं, जबकि पिंटू के अलावा राकेश व विनोद पथैना की तलाश जारी थी।
इसी कड़ी में शनिवार को पिंटू निवासी ग्राम सारस, थाना राया (मथुरा) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पिंटू ने स्वीकार किया कि लूट के मामले में जेल में रहने के दौरान जयपाल, संतोष व विनोद जाट से दोस्ती हुई थी। तभी से उनके साथ था। इस घटना में उसने बताया कि 15 जून को सभी लोग अपहरण के लिए पहुंचे थे, मगर सुरेंद्र के न आने पर घटना टली थी। फिर 16 जून को घटना को अंजाम दिया। उसके हिस्से में 30 हजार रुपये आए थे। उसके पास से तमंचा कारतूस के अलावा पांच हजार रुपये भी बरामद किए हैं। एसपी देहात के अनुसार इस मामले में अभी फरार विनोद पथैना पर 50 हजार का इनाम है।