गंगीरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत अजवाइनढेर में शनिवार को ग्रामीणों ने गांव में से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि विद्युत विभाग को नीचे तक लटक रही विद्युत लाइनों को हटाना चाहिए।
ग्रामीण सत्यवीर यादव ने बताया कि कुछ माह पूर्व विद्युत लाइन के करंट से एक महिला की मौत हो चुकी है। कई मवेशी भी करंट लगने से अपनी जान गवां चुके हैं। इसके बाद भी विभाग ने अब तक लाइन को नहीं हटाया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते लाइन नहीं हटाई गई तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पर एकत्र होकर धरना देंगे। ग्रामीणों का आरोप था कि विद्युत विभाग के अधिकारी उनका फोन तक नहीं उठाते। जेई संदीप कुमार ने बताया है कि जल्द ही क्षेत्र की जर्जर लाइन की मरम्मत की जाएगी व नीचे लटकी हुई केबलों को ऊपर उठाया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में जगवीर, मुकेश, नेत्रपाल, मुलायम सिंह, राहुल, देवेंद्र, प्रेमपाल, शशि आदि मौजूद रहे।