वैश्य सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ अलीगढ़ सराफा कमेटी के अध्यक्ष विजय अग्रवाल भी मौजूद थे। उन्होंने माला पहनाकर पीयूष गोयल का स्वागत किया।
सराफा कारोबारी विजय अग्रवाल के घर एवं प्रतिष्ठान सहित चार स्थानों पर रविवार को आयकर विभाग की टीम पहुंची थी। इसकी वजह से शहर में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई थी। सराफा कारोबारियों ने आयकर विभाग की कार्रवाई के विरोध में दुकानें बंद रखी थीं। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ ही भाजपा नेता भी कूद गए थे। लोग आशंका जता रहे थे कि यह मामला केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल तक पहुंचेगा। सोमवार को हबीब गार्डन में पहुंचने के पहले पीयूष गोयल गुलजार नगर स्थित अतुल अग्रवाल के निवास पर तालानगरी एवं शहर के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ बैठक की। उस बैठक में विजय अग्रवाल के साथ ही कुलसुमन गोयल, धनजीत वाड्रा, गौरव मित्तल, प्रवीण मंगला, राजकुमार शीशमहल, राजकुमार, मनोज अग्रवाल, मनीष बंसल आदि मौजूद थे। उद्यमियों ने केंद्रीय मंत्री को उद्योग से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया।
पीयूष गोयल ने वैश्य वोटों को भाजपा के पक्ष में गोलबंद करने का किया प्रयास
अलीगढ़। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने वैश्य वोटों को भाजपा के पक्ष में गोलबंद करने का प्रयास किया। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कोल एवं शहर विधान सभा क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में पीयूष गोयल के आगमन का कितना प्रभाव पड़ता है।
कोल विधान सभा क्षेत्र में कांग्रेस से विवेक बंसल प्रत्याशी है, जो वैश्य समाज से आते हैं। जबकि भाजपा से अनिल पाराशर प्रत्याशी हैं। कार्यक्रम का आयोजन कोल विधान सभा क्षेत्र में हुआ था। वैश्य समाज द्वारा हबीब गार्डन में आयोजित वैश्य व्यापारी सम्मेलन का उद्देश्य वैश्य समाज को भाजपा के पक्ष में गोलबंद करना था। कार्यक्रम का आयोजन वैश्य समाज द्वारा किया गया था लेकिन कार्यक्रम पूरी तरह भगवा रंग में रंगा था। मंच पर श्रीराम मंदिर एवं स्व. अशोक सिंघल का नाम अंकित था। भाजपा के होर्डिंग एवं पोस्टर भी थे। एक पोस्टर तो बुलडोजर वाले बाबा का भी लगा था। केंद्रीय मंत्री ने तो उसका जिक्र भी किया। केंद्रीय मंत्री से लेकर अन्य तमाम वक्ताओं ने वैश्य समाज से सारे मतभेद भुलाकर भाजपा को वोट देने का आह्वान किया। शहर विधान सभा के लिए भी समाज को स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया गया। गौरतलब हो कि एक फरवरी को हबीब गार्डन में ही अखिल भारतीय वैश्य महासंगठन की ओर से वैश्य सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस सम्मेलन में विवेक बंसल के पक्ष में समर्थन का एलान किया गया था।
वैश्य समाज के लोगों ने किया पीयूष गोयल का स्वागत
अलीगढ़ उद्योग व्यापार मंडल के मुनेंद्र वार्ष्णेय के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया गया। अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद से विनोद गुप्ता बालाजी ने स्वागत किया। राकेश गुप्ता साईं, राजीव जलाली, विशाल गुप्ता, विशाल गर्ग, शुभम गोयल, हिमांशु वार्ष्णेय, सरिता माहेश्वरी, मोनू अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, प्रवीण मंगला, गौरव मित्तल, मास्टर ओम प्रकाश, कमल गुप्ता, प्रदीप सिंघल, प्रीति वार्ष्णेय, प्रीति गुप्ता, ऋषभ गर्ग, विक्रांत गर्ग, लोकेश वार्ष्णेय, अजय राज लिथो, सौरभ बालजीवन, मनोज अग्रवाल, प्रमीत गुप्ता आदि ने स्वागत किया।