उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान और सीएमओ कार्यालय पहुंची। टीम ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार की गई महिला लिपिक के प्रकरण की फाइलों को खंगाला। टीम के पहुंचने से सीएमओ दफ्तर और सीएचसी मुरसान के स्वास्थ्य कर्मियों में खलबली मची रही।
बता दें कि 12 जुलाई को विजिलेंस की आगरा यूनिट की टीम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में तैनात एक महिला लिपिक मधु भाटिया को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। उन पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान में तैनात नेत्र परीक्षण अधिकारी ननकेश कुमार विमल ने रुके हुए वेतन और एरियर के भुगतान की एवज में 45 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया था। मंगलवार को विजिलेंस आगरा की टीम पहले सीएचसी मुरसान और फिर सीएमओ कार्यालय पहुंची। टीम ने सीएचसी व सीएमओ कार्यालय में कई कर्मचारियों से पूछताछ की और शिकायत से संबंधित कई रिकॉर्ड खंगाले।