इगलास थाना परिसर में अवैध धंधे के लिए इकजाई (किसी काम के लिए एकमुश्त मासिक रकम) वसूली का वीडियो वायरल हुआ है, जिसका संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने तत्काल दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है और पूरे मामले में सीओ इगलास से रिपोर्ट तलब की है। ताकि आगे कार्रवाई की जा सके।
खास बात है कि यह वीडियो दो से तीन माह पुराना है, जिसमें कोतवाल की जीप का ड्राइवर थाना परिसर में ही खड़े होकर अवैध धंधे (बिना अनुमति जेसीबी से मिट्टी खनन) के लिए गोरखधंधा करने वाले से संरक्षण देने के लिए सांठगांठ कर रहा है।
उसने कोतवाल और खुद थाने की जीप का महीनेदारी का सौदा तय किया है। साथ ही बतौर एडवांस एक हजार रुपया भी लिया है। सोमवार को एसएसपी आकाश कुलहरि के पास यह वीडियो पहुंचा, जिसमें दिखाया जा रहा है कि नवदीप उर्फ बंटी नाम का एक व्यक्ति मशीन चलाने के नाम पर थाना परिसर में खड़े होकर कोतवाल की जीप के ड्राइवर गजेंद्र सिंह से बातचीत कर रहा है।