कोल तहसील के एक कानूनगो का रिश्वत मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में कानूनगो एक किसान से जमीन की पैमाइश करके नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। मामला एसडीएम कोल तक पहुंचा तो उन्होंने जांच का आदेश जारी करने के साथ ही जिलाधिकारी को मामले की जानकारी दे दी है।
अकराबाद ब्लाॅक के गांव भगौसा निवासी भूदेव सिंह का आरोप है कि जमीन की पैमाइश करने के नाम पर कानूनगो पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी है। उन्होंने रिश्वत मांगने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर कानूनगो पर कार्रवाई करने की मांग की है।
किसान भूदेव सिंह का कहना है कि जमीन की पैमाइश के लिए उनकी फाइल तहसील में है। तहसील से पैमाइश का आदेश भी हो चुका है। पैमाइश करने के नाम पर कानूनगो 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं, जबकि वह कानूनगो को ढाई हजार रुपये दे चुके हैं। लेकिन कानूनगो 20 हजार रुपये से कम पर पैमाइश करने के लिए तैयार नहीं है।
मामला संज्ञान में आते ही उक्त राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) के खिलाफ जांच कराते हुए उससे जवाब मांगा गया है। जिलाधिकारी को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। -दिग्विजय सिंह, एसडीएम कोल।