अतरौली से सपा विधायक वीरेश यादव के सगे बहनोई मनोज यादव शुक्रवार दोपहर बसपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने अतरौली से बसपा के टिकट के लिए एमएलसी एवं आगरा-अलीगढ़ जोन के कोआर्डिनेटर सुनील कुमार चित्तौड़, पूर्व एमएलसी व तीन राज्यों के बसपा प्रभारी अशोक सिद्धार्थ के समक्ष आवेदन भी कर दिया है। आला नेताओं ने कहा कि इसका फैसला बसपा सुप्रीमो मायावती ही करेंगी।
आगरा रोड स्थित दामोदर पैलेस में बसपा की मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक में हुए इस राजनीतिक फेरदबल से अलीगढ़ के सियासी हलकों में जबरदस्त सरगर्मी हो गई है। इस मौके पर मनोज गुप्ता, राधेश्याम शर्मा, मुकुल बंसल, चौ.महाराज सिंह, प्रेमपाल सिंह यादव, शिवकुमार रावत, सागर अरोरा, दीपक गुप्ता और चौ.चरण सिंह आदि ने सपा छोड़कर बसपा की सदस्यता ग्रहण की।
पूरे प्रदेश में है बसपा के पक्ष में माहौल:सुनील चित्तौड़
अलीगढ़। आगरा रोड स्थित दामोदार पैलेस में बसपा की समीक्षा बैठक में आगरा-अलीगढ़ जोन के कोआर्डिनेटर सुनील कुमार चित्तौड़, पूर्व एमएलसी व तीन राज्यों के बसपा प्रभारी अशोक सिद्धार्थ ने कहा कि सपा सरकार में आज अपराध चरम पर है। किसान से लेकर आम आदमी तक सभी त्रस्त हैं। अधिकारी, कर्मचारी सभी परेशान हैं। आज सभी बसपा सरकार को याद कर रहे हैं। पूरे सूबे में माहौल बसपा के पक्ष में है। पूरे प्रदेश में बूथ स्तर तक तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रदेश में सपा व केंद्र की भाजपा सरकार से जनता दुखी है। दोनों पार्टियां आपस में मिली हुई हैं। ऐसे में अब बहन मायावती ही यूपी की सीएम बनेंगी। इस मौके पर जोन के कॉर्डिनेटर महेंद्र सिंह, प्रताप सिंह बघेल, सूरज सिंह, अशोक सिंह, मुकेश चन्द्रा, जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार आदित्य, राजेंद्र कुमार, अरुण फौजी, मौ.सगीर, राम कुमार शर्मा, जसवंत सिंह सावरिया, जितेन्द्र सिंह लोधी, मुनीश अहमद गाजी, विजय चंदेल, सतेंद्र सिंह तोमर, रोशनलाल माहौर, केपी सिंह एडवोकेट, कमल सिंह, महेश चौधरी, शिव कुमार शास्त्री, गौरीशंकर, शिवकुमार राजौरिया, लाल सिंह रस्तोगी, तिलकराज यादव आदि थे।