अगर आप वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे हैं और यात्रा के दौरान आपको कोई परेशानी हो रही है, तो बिल्कुल न घबराएं। क्योंकि ट्रेन के हर कोच में टेलीकॉम मौजूद है। जो सीधे ट्रेन अधीक्षक और गार्ड से जुड़ा हुआ। यात्री का मैसेज मिलते ही वह सुरक्षा बल के साथ उसे अटेंड कर समस्या का तत्काल निस्तारण करेंगे। रेल मंत्रालय का सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट होने के नाते इसमें पूरी तरह से यात्री सुरक्षा व सुविधाओं का ख्याल रखा गया है।
स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम ने बताया कि ट्रेन में यात्री सुरक्षा व यात्री सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है। ट्रेन में एक अधीक्षक (सुपरिटेंडेंट) की तैनाती है। इसके साथ ही आरपीएफ और अन्य सुरक्षा तंत्रों का भी साथ है। किसी भी तरह की परेशानी में यात्री की पूरी मदद की जाएगी। इसके अलावा मनोरंजन की दृष्टि से ट्रेन के हर कोच में दो एलईडी टीवी लगी हैं। एक टीवी कोच में पीछे की ओर वहीं एक आगे। ट्रेन की कुर्सी 360 डिग्री घूमने वाली हैं। यात्री जैसे चाहें सहूलियत के हिसाब से उसे घुमा सकता है। इसके अलावा दिव्यांगों के लिए भी हर कोच में व्हील चेयर का इंतजाम है। इससे दिव्यागों को ट्रेन में चढ़ने व उतरने में कोई परेशानी नहीं होगी। स्टेशन आते ही कोच अटेंडेंट उन्हें उतारेगा। कुल मिलाकर रेलवे ने यात्रियों को एक बेहतरीन माहौल देने का प्रयास किया है।