एनएच-93 के आगरा रोड स्थित मडराक टोल पर बुधवार शाम इलाके के दबंगों ने जमकर गुंडई की। यहां आधा दर्जन वाहनों को बिना टोल निकालने की जिद पर अड़े इन दबंगों ने काफी देर तक उत्पात मचाया। इससे राहगीर परेशान हुए और उन्हें निकलने तक नहीं दिया।
इस खबर पर कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मी को भी पीट दिया गया। सीसीटीवी में कैद हुई इस हरकत के आधार पर मडराक थाने में तहरीर दे दी गई है। वाकया बुधवार शाम का है, जब इलाके के ही कुछ दबंगों की एक काले रंग की कार टोल से गुजरी, जिसे टोल स्टाफ ने बिना टोल लिए निकाल दिया।
इसके बाद बैरियर बूम नीचे गिर गया। इस पर कार में सवार आधा दर्जन इलाके के दबंग बाहर आ गए और काली कार के पीछे चल रही चार-पांच कारों को भी बिना टोल के निकालने की जिद करने लगे। दबंगों ने वहां उत्पात मचाना शुरू कर दिया। स्टाफ से दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया।
जब पीछे काफी लंबी लाइन लग गई तो राहगीर भी अपने वाहनों से निकलकर आए और उन्हें टोकने लगे। इन दबंगों ने इन वाहन चालकों से भी दुर्व्यवहार और गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। इसी बीच एक मीडियाकर्मी अनिल चौधरी यहां कवरेज के इरादे से पहुंचे और उन्होंने विवाद का कारण पूछते हुए कैमरा निकाला तो उनके साथ भी दबंगों ने मारपीट कर दी।
बाद में खबर पर पुलिस को आता देख यह दबंग भाग गए। इस संबंध में तहरीर के साथ फुटेज भी पुलिस को दे दी गई है। इस संबंध में मडराक इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।