मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ भानु प्रताप सिंह ने कहा कि अब जब कोविड-19 के खिलाफ वैक्सीन का कवच मिल गया है तो सभी लोगों को इसे अवश्य लगवाना चाहिए। यह जीवन रक्षा के लिए एक अवसर है, इसे गंवाना नहीं चाहिए ।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ दुर्गेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को जनपद के 24 केंद्रों के 36 बूथों पर 744 लोगों को पहली डोज दी गई, 1171 लोगों को दूसरी डोज लगवाई। उन्होंने कहा कि हाल ही में कुछ मामले ऐसे भी आए हैं, जब वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने के बाद भी लोक कोरोना पॉजिटिव हुए हैं।
ऐसे में लोगों को लगता है कि टीका लगवाने से क्या फायदा ? तो बता दें कि यदि 10 लोगों ने संपूर्ण टीकाकरण करवाया है तो 10 में से 2 लोगों को कोरोना संक्रमण हो सकता है। टीका लगवाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि संक्रमण हो जाने के बाद भी गंभीर बीमारी नहीं होती तथा आईसीयू में भर्ती होने की नौबत नहीं आती।
केवल हल्के-फुल्के लक्षण ही हो सकते हैं। उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी शरद गुप्ता ने बताया कि अब तक जिले में कोविड का पहला टीका 1,64,876 व दूसरा टीका 49,457 लोगों को लग चुका है । उन्होंने कहा जिले में अब तक कुल 214333 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।