जिले के 12.54 लाख पशुओं को खुरपका व मुंहपका जैसी बीमारियों से बचाने के लिए निशुल्क सघन टीकाकरण अभियान चलेगा। पशुपालन विभाग ने पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर पशुओं के टीकाकरण का ब्लॉक स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार किया है। 122 न्याय पंचायतों में 41 टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में एक डॉक्टर समेत चार सदस्य रहेंगे। अभियान 45 दिन तक चलेगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सीबी सिंह ने बताया कि जिले में कुछ वर्षों से खुरपका और मुंहपका बीमारी का ज्यादा प्रकोप नहीं हुआ है। इसके बाद भी एहतियातन टीकाकरण कार्यक्रम हो रहा है। कोरोना संक्रमण के चलते करीब दो साल से पशुओं का टीकाकरण नहीं हो सका था। जिले में करीब 3.50 लाख गोवंश व 9.04 लाख महिषवंशी हैं।
उन्होंने बताया कि दो खुर वाले पशुओं में खुरपका और मुंहपका बीमारी की संभावना रहती है। इसलिए प्रदेश भर में एफएमडी (फुट माउथ डिसीज यानी खुरपका- मुंहपका) का निशुल्क टीका लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के 12 ब्लॉकों की 122 न्याय पंचायतों में 41 टीमें बनायी गई हैं। प्रत्येक टीम में एक डॉक्टर, दो पशुधन प्रसार अधिकारी एवं एक सहायक मौजूद रहेगा। जिले के 44 सरकारी पशु अस्पतालों, 66 डिस्पेंसरी पर भी टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है। पशुओं की जीओ टैगिंग भी की जाएगी। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे पशुओं का टीकाकरण कराने के साथ ही उनकी जीओ टैगिंग भी करा लें।