जिले के छह केंद्रों पर आज मंगलवार को कोरोना टीकाकरण का ड्राई रन (मॉक ड्रिल) सुबह दस से 12 बजे के बीच होगा। डमी टीका लगाने वाले सभी स्वास्थ्य कर्मी अपने-अपने तय स्थानों पर सुबह 10 बजे से ड्राई रन शुरू करेंगे, उन्हें 9.15 बजे केंद्र पर पहुंचना होगा। जितने लोगों को डमी टीका लगाया जाएगा, उनका सारा ब्योरा पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
ड्राई रन के लिए शहर में जेएन मेडिकल कालेज, जमालपुर और साहिबाबाद पीएचसी के साथ ही देहात के जवां, खैर, अतरौली सीएचसी को केंद्र बनाया गया है। इन सभी केंद्रों पर कुल 25-25 लोगों पर वैक्सीनेशन की मॉक ड्रिल होगी। जिलाधिकारी ने इन सभी स्थानों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। एसएसपी स्तर से पुलिस अधिकारियों को भी लगा दिया गया है।
सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि एसीएम-2 को जेएन मेडिकल कॉलेज, जमालपुर पीएचसी की जिम्मेदारी सौंपी है। पला साहिबाबाद पीएचसी पर सिटी मजिस्ट्रेट निगरानी करेंगे। अतरौली, जवां और खैर सीएचसी पर संबंधित एसडीएम की निगरानी में ड्राई रन होगा। प्रत्येक ड्राई रन केंद्र पर तीन कमरे तैयार किए गए हैं।
पहले कमरे को वेटिंग रूम, दूसरे को टीकाकरण रूम और तीसरे को निगरानी रूम बनाया गया है। निगरानी और वेटिंग रूम में सीसीटीवी कैमरा भी होगा। ड्राई रन के लिए छह टीमें गठित की गई हैं। तीन ग्रामीण व तीन शहरी क्षेत्र में कार्य करेंगी। प्रत्येक टीम में एक सुरक्षाकर्मी सहित छह वैक्सीन ऑफिसर कार्य करेंगे, सुरक्षा कर्मी प्रत्येक लाभार्थी का लिस्ट में नाम चेक कर अंदर प्रवेश करने की अनुमति देगा। वैक्सीनेटर प्रत्येक लाभार्थी की फोटोयुक्त आईडी का सत्यापन करेगा।
वैक्सीनेटर 2 टीकाकरण का कार्य करेगा तथा वैक्सीनेटर 3 कोविन पोर्टल पर टीकाकरण प्रक्रिया को पूर्ण करेगा। वैक्सीनेटर 4 व 5 में एक पुरुष व एक महिला होगी, जिनका कार्य निगरानी का होगा। निगरानी में लाभार्थी को 30 मिनट तक रोका जाएगा। जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा प्रत्येक सत्र के लिए मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी नामित कर दिए गए हैं। ड्राई रन एक रिहर्सल कार्यक्रम है। इसमें किसी भी प्रकार की वैक्सीन का प्रयोग नहीं होगा।
ड्राई रन के अंतर्गत एईएफआई प्रबंधन का भी डेमो किया जाएगा। प्रेसवार्ता में सीडीओ अनुनय झा, एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी, एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह, सीएमओ बीपी कल्याणी, एसीएमओ अनुपम भास्कर, डीएमओ राहुल कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।
सिरिंज से लगाई जाएगी वैक्सीन
प्रेसवार्ता में सीडीओ अनुनय झा ने बताया कि असल में जब कोरोना का वैक्सीनेशन शुरू होगा तो जिला प्रशासन की ओर से 28 केंद्र बनाए गए हैं। 35 कोल्ड चेन कोविड-19 वैक्सीन रखने के लिए हैं। वैक्सीन को 2 से 3 डिग्री के तापमान में रखा जा रहा है। कोरोना वैक्सीन लगने के समय के बारे में उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति को दो से तीन मिनट में सिरिंज से वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके बाद उसे 30 मिनट की निगरानी में रखा जाएगा। अगर, कोई लक्षण आता है तो उसे सबसे पहले नजदीकी सीएचसी पर ले जाया जाएगा।
अगर, हालत अधिक बिगड़ती है तो मरीज को वहां से जेएन मेडिकल कालेज या फिर दीनदयाल अस्पताल अथवा जिला अस्पताल लाया जाएगा। माह के पहले सोमवार व दूसरे शुक्रवार को कोविड वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके बाद जो लोग छूट जाएंगे, उनको माह के चौथे शुक्रवार को वैक्सीन लगाई जाएगी। अलीगढ़ में सरकारी और गैर सरकारी स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या 13,464 है, जिन्हें पहले चरण में टीका लगाया जाना है। इन सभी को टीकाकरण करने का जिम्मा 50 चुनिंदा स्वास्थ्य कर्मियों के ऊपर डाला गया है।