कोरोना महामारी से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग का वृहद टीकाकरण अभियान जारी है। शुक्रवार को जिले के 25 केंद्रों के 29 बूथों पर लोगों को कोविड से बचाव के लिए टीके लगाए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि कोरोना महामारी से बचने के लिए जनपद के शहरी क्षेत्र व ग्रामीण क्षेत्र पर 25 केंद्रों पर बने 29 बूथों पर कोरोना महामारी के खिलाफ टीकाकरण किया गया।
इस दौरान 3783 लक्ष्य के सापेक्ष 1703 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया, जो कुल लक्ष्य का 45.02 फीसदी है। पहला टीका 628 लोगों ने लगवाया और दूसरा टीका 1075 लोगों को टीका लगाया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि सभी के लिए यह वैक्सीन सुरक्षित है। अभी तक किसी को परेशानी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मरीज को टीका लगाने से पहले उसकी पूरी जानकारी लें। ताकि बाद में कोई परेशानी आती है तो उसे तुरंत इलाज मिल सके।
डीआईओ ने बताया कि अभी यह नहीं पता कि वैक्सीन हमें कितने समय तक वायरस से बचा सकती है। ऐसे में जब तक सकारात्मक नतीजे आनी शुरू न हो जाएं, मास्क पहनना जरूरी होगा। उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी शरद गुप्ता ने कहा कि जिले के देहात व शहरी क्षेत्र के अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर, मलखान सिंह जिला चिकित्सालय, मोहनलाल राजकीय महिला चिकित्सालय, डीडीयू व जेएन मेडिकल कॉलेज एवं ग्रामीण क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इगलास, अतरौली, गोंडा, अकराबाद, बिजौली, चंडौस, गभाना, छर्रा, जवां, टप्पल, खैर में कोरोना वैक्सीन की डोज दी गई।