कोरोना महामारी एवं टीकाकरण को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने टीकाकरण को लेकर नया आदेश दिया है। इसके तहत 45 वर्ष से अधिक के जो भी लोग सरकारी अस्पताल में टीका लगवाने आ रहे हैं, पहले उनका कोरोना टेस्ट किया जाए। नेगेटिव आने पर उनको टीका लगाया जाए।
कलक्ट्रेट परिसर में हुई बैठक में डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि वे कोविड कंट्रोल रूम की प्रभारी के साथ बैठक कर टीमों को गठित करें तथा उनको जरूरत के अनुसार केंद्र पर लगाएं। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। दीनदयाल अस्पताल, मलखान सिंह जिला अस्पताल, महिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी व पीएचसी की ओपीडी में कोरोना जांच के दौरान संदिग्ध का पूरा पता व फोन नंबर सही लिखा जाए, जिससे उसके पॉजिटिव आने पर ट्रेस किया जा सके। कोरोना कंट्रोल रूम प्रभारी को आदेश दिया कि वह नियमित तौर पर टीकाकरण व कोरोना जांच की स्थिति पर निगाह रखें और रिपोर्ट दें।