होली के खूबसूरत त्योहार को उमंग, उल्लास एवं सावधानी के साथ मनाएं। कृत्रिम और चीनी रंगों में भारी धातुओं की मात्रा अधिक होती है। इससे न केवल हमारी त्वचा और आंखें बल्कि हमारे बालों और नाखूनों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
शहर की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. मीनल मित्तल कहती हैं कि रंग खेलने से पहले अपनी त्वचा पर माइस्चराइजर और सनस्क्रीन की मोटी परत लगाएं। भारी धातुएं एलर्जी का कारण बन सकती हैं। इससे त्वचा पर जलन, खुजली और लालपन की शिकायत सामने आती है। आंखों में एलर्जी एवं नाखूनों के रंग में बदलाव की समस्या भी सामने आती है। डॉ. मीनल ने कहा कि समस्याओं से बचने के लिए हमेशा आर्गेनिक और हर्बल रंगों का प्रयोग करें। बालों और नाखूनों को नुकसान से बचाने के लिए रंग खेलने से पहले बालों में तेल और नाखूनों पर नेल पेंट का इस्तेमाल करें। ब्यूरो