महानगर के रतन प्रेम डीएवी इंटर कॉलेज के खचाखच भरे मैदान में गुरुवार को चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अलीगढ़ में चीन के वेनजाऊ शहर की तर्ज पर 60 करोड़ से अधिक ताले बन सकते हैं। पूरी दुनिया में अलीगढ़ के ताले छा जाएंगे।
अभी तक वेनजाऊ के ताले पूरी दुनिया में मशहूर हैं और अलीगढ़ के ताले का चीन के ताले से मुकाबला हो रहा है।
बस, इसके लिए काम करने का इरादा होना चाहिए। यहां का ताला अमेरिका के व्हाइट हाउस में लगे तो वहां के राष्ट्रपति भी देखें मेड इन अलीगढ़। अलीगढ़ के आलू के बने चिप्स अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खाएंगे और डॉलर किसानों को मिलेगा। 10 रुपये के चिप्स के पैकेट में किसान को कम से कम दो रुपयेे मिलने चाहिए। सभा में पद्मविभूषण गोपालदास नीरज, प्रो. ख्वाजा शमीम, निजाम मलिक, कोल से कांग्रेस प्रत्याशी विवेक बंसल मौजूद रहे।
राहुल गांधी ने कहा कि आरएसएस और भाजपा नफरत फैलाते हैं।
लेकिन भाईचारे से ही प्रगति संभव है। यूपी हो या अलीगढ़, इनको कोई तोड़ नहीं सकता। सपा कांग्रेस गठबंधन ही जीतेगा। संबोधन में उन्होंने कहा कि पहली बार किसी पीएम ने सवा करोड़ देशवासियाें को झाडू़ पकड़वा दी। बोले लगाओ झाडू़.. क्या भारत साफ हो गया..? इसी तरह से पीएम 8 नवंबर की रात को टीवी पर आए और कह दिया कि आपकी मेहनत की कमाई कागज का टुकड़ा हो गया है।
अब ये नोट नहीं चलेंगे..? क्या कोई सूट बूट वाला बड़ा आदमी बैंकों की लाइन में लगा..? नहीं लगा। उलटे गरीब, मजदूर, किसान और माताएं परेशान हुईं। उन्होंने पीएम मोदी की हंसी का मजाक उड़ाया। बोले.. पीएम हा..हा..हा.. करते हैं। राहुल ने कहा कि देश के पचास बड़े उद्योगपतियों का एक लाख दस हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया गया। लेकिन जब किसानों के कर्ज माफी के फार्म लेकर मोदी के पास गए और उनसे कहा कि किसानों का कर्ज माफ कर दो तो मोदी जी कुछ नहीं बोले। मोदी सरकार का एक ही मंत्र है गरीबों से खींचो.. अमीरों को सींचो..।
बोले.. नोटबंदी की सबसे बड़ी वजह ये है कि मोदी सरकार देश के कुछ प्रमुख उद्योगपतियों का 6 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ करना चाहती है। इसलिए नोटबंदी कर रुपये बैंकों में पहुंचाए गए। ये पैसा वापस खातों से निकालने पर तरह तरह की लिमिट लागू कर दी गई। अगर एक लाख दस हजार करोड़ रुपये में से केवल दो हजार करोड़ रुपये ही अलीगढ़ को दे दिए होते आज ताला कारोबार कहां से कहां पहुंच गया होता। मोदी ने नोटबंदी कर अलीगढ़ के ताला कारखानों पर ताला लगवा दिया। उद्योगपति कर्ज वापस नहीं करते तो उन्हें डिफाल्टर कहते हैं और किसान लोन नहीं देता है तो उसे चोर कहा जाता है।
राहुल गांधी ने यूपी को दुनिया का फूड मार्केट बनाने का प्लान दोहराया। बोले इलाहाबाद का अमरूद, प्रतापगढ़ का आंवला, अमेठी का टमाटर, बाराबंकी का आम और अलीगढ़ का आलू यूपी को दुनिया का फूड मार्केट बना सकता है। इसी तरह से अलीगढ़, मुरादाबाद का ब्रासवेयर, सहारनपुर की लकड़ी भी रोजगार का आधार बनेगा। वन डिस्ट्रिक वन स्कीम योजना के तहत ऐसे कामों को बढ़ावा दिया जाएगा।
बोले हर लड़के का सपना होता है कि वह आईआईटी, आईआईएम और बैंक में नौकरी करे। अगर इन लड़कों को प्रवेश परीक्षा की एडवांस कोचिंग हरेक शहर में मिले तो उनके सपने पूरे हो सकते हैं। हर जिले में हर शहर में ऐसे सेंटर खोले जाएंगे। इस मौके पर एनएसयूआई के कार्यकर्ता, अविनाश शर्मा, अमित उपाध्याय, एनसीपी के एन जमाल खां, अनिल गोविल, आनंद बघेल सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।