विधिक माप विज्ञान विभाग की टीम ने शुक्रवार को गोंडा क्षेत्र में जमकर छापेमारी की। इस दौरान इफ्को बाजार, दरबर रोड गोंडा के इफ्को यूरिया खाद गोदाम में चेकिंग के दौरान बोरों में करीब एक किलो यूरिया खाद कम पायी गई। ग्राम मकौल इगलास के राशन डीलर एवं दर्जन भर दुकानों ेमें बगैर मोहर के बांट पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ निरीक्षक आरएस अकेला ने बताया कि इफ्को बाजार, दरबर रोड गोंडा के इफ्को यूरिया खाद गोदाम में चेकिंग के दौरान दानेदार यूरिया के 15 बोरों की चेकिंग की गई। इसमें 45.124 किलो के बजाय 44.100 किलो वजन पाया गया। इस मामले में इस गोदाम संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गई।
ग्राम मक्रौल इगलास के राशन विक्रेता श्याम सुंदर पुत्र रामखिलाड़ी की इलेक्ट्रानिक मशीन 100 किलोग्राम एवं एक लीटर के मापक में मोहर नहीं मिली। इनके अलावा शमशेर खां बिल्डिंग मैटीरियल एवं सेनेटरी स्टोर गोंडा रोड, शुभम बिल्डिंग मैटीरियल, योगेश कुमार खल चुनी, रमेश खल भुसी भंडार, लाला धान कुटाई केंद्र, वीरेंद्र सिंह स्पेलर, रमेश खल भुसी, राशि प्रोवीजन स्टोर, चंचल प्रोवीजन स्टोर, नेताजी पशु आहार सभी गोंडा रोड आदि पर बांटों पर मोहर न होने पर कार्रवाई की गई।