कस्बा के दौरऊ-पिसावा रोड पर बृहस्पतिवार दोपहर गेहूं के बोरों से लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉला से कुचलकर बालक की मौत के बाद बवाल हो गया। आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉला को फूंक दिया। बाजार में अफरा-तफरी के साथ पूरा कस्बा छावनी में तब्दील हो गया और बाजार बंद कर दिए गए। करीब चार घंटे तक चले बवाल के बाद शाम करीब सात बजे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
कस्बा के मजरा एलमपुर निवासी किसान कालीचरण सिसौदिया के घर पर मकान पर आज लिंटर डाला जा रहा था। दोपहर करीब 3:15 बजे कालीचरण का बेटा वंश अपने तहेरे बड़े भाई अभय के साथ बाइक पर सवार होकर कस्बे में हलवाई की दुकान से मजदूर और परिजनों के लिए समोसे लेने आया था।
समोसे लेकर जैसे ही दोनों भाई वापस घर के लिए रवाना हुए, हलवाई की दुकान से कुछ ही दूर दौरऊ-पिसावा रोड पर उनकी बाइक सड़क पर चल रहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉला के समानांतर (बराबर) आ गई। इसी दौरान अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। झटका लगने के कारण समोसे का कार्टन लेकर पीछे बैठा वंश छिटक कर सड़क पर जा गिरा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, साइड में चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉला का पहिया वंश के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे वंश की मौके पर ही मौत हो गई।
बाजार बंद हुआ
हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। मौका पाकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। चालक के भागने से आक्रोशित भीड़ ने ट्रैक्टर की टंकी से डीजल निकाला और उसमें आग लगा दी, जिससे ट्रैक्टर धू-धू कर जल उठा। घटना की सूचना मिलते ही थाना चंडौस के साथ-साथ गभाना, लोधा और पिसावा थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही भीड़ का गुस्सा और भड़क गया। तनाव को देखते हुए दुकानदारों ने अपने शटर गिरा दिए और पूरा बाजार बंद हो गया।
शव को सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन
बदहवास परिजनों ने वंश के शव को सड़क पर ही रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वे बेहद आक्रोशित थे और मौके पर ही आरोपी ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए, उन्होंने आग बुझाने के लिए पहुंची दमकल की गाड़ी को भी रोक दिया।
मामले की गंभीरता और बढ़ते तनाव को देखते हुए एसपी सिटी आदित्य बंसल और एसडीएम गभाना हरीशचंद्र भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब चार घंटे तक चले भारी हंगामे और मान-मनौव्वल के बाद, अधिकारियों द्वारा आरोपी चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। शाम करीब शाम सात बजे शव को घटनास्थल से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
चेसिस नंबर से मालिक की तलाश में जुटी पुलिस :
एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया जले हुए ट्रैक्टर-ट्रॉला को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। ट्रैक्टर के चेसिस नंबर और इंजन नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक की शिनाख्त की जा रही है। परिजनों से तहरीर ली जा रही है, जिसके आधार पर सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। क्षेत्र में स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।