शराब के ठेके पर हंगामा करती महिलाओं को समझाते पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : samvad
गांव खेड़ा में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे देशी शराब के ठेके पर महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने ठेके पर हंगामा किया। अचानक हुए विरोध से घबराए सेल्समैन ने तुरंत दुकान शटर गिराकर बंद कर दी।
महिलाओं का आरोप है कि रिहायशी इलाके में ठेका होने के कारण पुरुष दिन-रात शराब के नशे में रहते हैं और घर पहुंचते ही महिलाओं-बच्चों से गाली-गलौज व मारपीट करते हैं। घरों में रोज झगड़ा-फसाद होता है। बच्चों की पढ़ाई और परिवार का माहौल बिगड़ रहा है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कई बार अधिकारियों से ठेका आबादी से दूर ले जाने की मांग कर चुके हैं। सूचना मिलते ही मढ़ौली चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित महिलाओं को शांत कराया। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि अगर ठेका जल्द नहीं हटाया गया तो आंदोलन किया जाएगा। आबकारी निरीक्षक वरुण नायक ने बताया कि ठेका 10 साल से आबादी के बाहर चल रहा है। मौका का निरीक्षण कर जानकारी की जाएगी। कोतवाल राजीव कुमार ने बताया कि महिलाएं ठेका आबादी से दूर करने की मांग कर रही है। फिलहाल उन्हें शांत कर दिया है।