जवां थाना क्षेत्र के साथा चीन मिल के समीप स्थित जेके सीमेंट फैक्टरी में मशीन की चपेट में आने के बाद 29 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। सूचना के बाद काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने एवं दुर्घटना के दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। भाजपा विधायक दलवीर सिंह के समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। इस मामले में फैक्टरी प्रबंधन पर एक्सीडेंट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मंगलवार रात्रि में फैक्टरी में काम के दौरान जवां थाना क्षेत्र के चाऊपुर निवासी 29 वर्षीय मजदूर गौतम पुत्र पप्पू की मौत हो गई। सुबह में दुर्घटना की सूचना के बाद काफी संख्या में ग्रामीण फैक्टरी में पहुंच गए और हंगामा करने लगे। दुर्घटना एवं प्रदर्शन की सूचना पर बरौली क्षेत्र के विधायक दलवीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना है कि फैक्टरी में सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन नहीं किया जा रहा है। इससे पूर्व भी फैक्टरी में दुघर्टना हो चुकी है। विधायक ने फोन कर श्रम आयुक्त तथा पुलिस अधिकारियों को बुला लिया। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि फैक्टरी में आने वाले ओवर लोडिंग वाहनों के कारण भी फैक्टरी के बाहर दुर्घटनाएं हुई हैं। फैक्टरी प्रबंधक गंभीर नहीं हैं।
विधायक ने संभागीय परिवहन अधिकारी अमिताभ चतुर्वेदी को फोन कर बुलाया और शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा। विधायक प्रवक्ता सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की धनराशि देकर समझौते का प्रयास प्रबंधन द्वारा किया गया, लेकिन परिजन तैयार नहीं हुए। परिजनों की तहरीर पर जवां थाना में मामला दर्ज किया गया है। एसओ जवां अभय कुमार के अनुसार फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ एक्सीडेंट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बाकी जांच में आगे कार्रवाई की जाएगी।
- किलिंकर बैल्ट पर दुर्घटना से मौत हुई है। मृतक के परिजनों से समझौता हो गया है। पांच लाख रुपये का चेक दिया गया है। मृतक की पत्नी या उनके द्वारा नामित व्यक्ति को नौकरी दी जाएगी।
- प्रदीप कुमार, एचआर जेके सीमेंट
जांच में ओवर लोडिंग का खुलासा
विधायक दलवीर के बुलाने पर फैक्टरी में पहुंचे एआरटीओ ने सीमेंट फैक्टरी में आने वाले ट्रक की एंट्री के लिए रखे गए रजिस्टर को अपने कब्जे में लेकर ट्रकों में लाए जाने वाले वजन की जांच की। प्रथम दृष्टया ओवर लोडिंग सिद्ध हुई। ट्रांसपोर्टरों द्वारा बहुत ही चालाकी से एक ही ट्रक में दो अंडर लोड बिलों का माल एक साथ लाया जा रहा है। जानकारी करने पर पता चला कि रास्ते में चेकिंग होने पर ट्रक चालकों द्वारा अंडरलोड का एक बिल दिखाया जाता है। जबकि ट्रक में दो बिलों का माल एक साथ फैक्टरी में लाया जा रहा है।
विधायक ने इस प्रकार की जा रही हेराफेरी पर पुलिस व परिवहन विभाग को सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा और दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति के परिजनों को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता फैक्ट्री व श्रम विभाग से उपलब्ध कराए जाने के साथ-साथ किसान दुर्घटना बीमा के अंतर्गत सहायता धनराशि उपलब्ध कराए जाने के लिए तहसीलदार कोल से फोन पर वार्ता की। विधायक ने पीड़ित परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया और कहा कि सरकार उनके परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। संतोष कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह, सुशील गुप्ता, भोला सिंह, बेबी सिंह, थाना अध्यक्ष अभय शर्मा आदि लोग उपस्थित थे।