रोडवेज के बेड़े में शामिल की गईं 30 नई ई-बसों का जल्द संचालन किया जाएगा। इसके लिए पूर्व बसों के चालक-परिचालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन्हें तकनीक, सुरक्षा मानक, बैटरी प्रबंधन और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि ई-बसों के संचालन के लिए चालक और परिचालक को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। ई-बसों में आरामदायक सीटें, स्वचालित एलान प्रणाली और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रत्येक जगह यात्रियों को उतरने और चढ़ने की जानकारी ऑडियो अलर्ट से दी जाएगी।
इन बसों के लिए गांधीपार्क, मसूदाबाद बस स्टैंड पर चार्जिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ई-बसें न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगी, बल्कि यह शहर की ट्रांसपोर्ट प्रणाली को नई पहचान देंगी।