फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीईटी: अर्हता से पहले नकल रोकने की परीक्षा, कुंडल-घड़ी, अंगूठी और बेल्ट उतरवाए, 12,042 रहे अनुपस्थित

Mon, 26 Oct 2026 10:17 AM IST
Chaman Kumar Sharma अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

अलीगढ़ जिले के 39 केंद्रों पर दो पालियों में पीईटी परीक्षा हुई। दोनों पालियों में पंजीकृत 38,208 अभ्यर्थियों में से 26,166 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 12,042 ने परीक्षा छोड़ दी। ग्राफ से जुड़े सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाए रखा।
विज्ञापन
टीकाराम इंटर कॉलेज में परीक्षा पूर्व जांच - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में रविवार को अभ्यर्थियों को सवालों से जूझने से पहले सख्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा। नकल रोकने के इंतजामों के तहत परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के कुंडल, घड़ी, अंगूठी और बेल्ट उतरवा लिए गए।

विज्ञापन


अलीगढ़ जिले के 39 केंद्रों पर दो पालियों में पीईटी परीक्षा हुई। दोनों पालियों में पंजीकृत 38,208 अभ्यर्थियों में से 26,166 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 12,042 ने परीक्षा छोड़ दी। ग्राफ से जुड़े सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाए रखा। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक हुई। इसमें पंजीकृत 19,104 अभ्यर्थियों में से 13,193 ने परीक्षा दी, जबकि 5911 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक हुई। इसमें 19,104 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 12,973 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 6,131 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। दोनों पालियों में मिलाकर 12,042 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
विज्ञापन

दोनों पाली की परीक्षा के आंकड़े

  • पंजीकृत : 38,208 अभ्यर्थी
  • उपस्थित : 26,166 अभ्यर्थी
  • अनुपस्थित : 12,042 अभ्यर्थी
  • उपस्थिति फीसदी : 68.48
  • अनुपस्थिति फीसदी : 31.52


हाथ में प्लास्टर, पैर में चोट… हौसले के आगे दर्द भी बेबस
दो दिन पहले कासगंज में ऑटो पलटने से अनु पचौरी घायल हो गईं। बाएं हाथ में प्लास्टर बंधा था और दाहिना पैर भी चोटिल था। डॉक्टरों ने आराम की सलाह दी थी, लेकिन अनु के सामने पीईटी की परीक्षा थी। दर्द और चोट के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और रविवार को ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल स्थित केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचीं। उनके लिए केंद्र तक पहुंचना ही किसी इम्तिहान से कम नहीं था। हालांकि, अनु ने बताया कि उनकी परीक्षा अच्छी हुई।

Trending Videos

टीआर कॉलेज से परीक्षा देकर निकलते अभ्यर्थी - फोटो : संवाद
रिसॉर्ट में मिला पानी और बैठने का सहारा
रेडिएंट स्टार्स इंग्लिश स्कूल केंद्र पर परीक्षा के दौरान इंतजार कर रहे परिजनों के लिए पड़ोस के रिसॉर्ट में पानी और बैठने की व्यवस्था की गई। इससे उन्हें सड़क किनारे खड़े होकर या धूप में बैठकर इंतजार करने की परेशानी से राहत मिली।

पुलिसकर्मियों को लगाई फटकार
टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज में पीईटी की परीक्षा छूटने के बाद बैग लेने के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान दूसरी पाली के अभ्यर्थियों का प्रवेश भी शुरू हो गया, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन गई। इसकी जानकारी मिलने पर एसपी सिटी आदित्य बंसल मौके पर पहुंचे। उन्होंने कॉलेज में तैनात पुलिसकर्मियों को फटकार लगाई और व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए।

जिम्मेदारियों का इम्तिहान: पत्नी दे रही थीं परीक्षा, बाहर पतियों ने संभाले बच्चे
टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज केंद्र पर पत्नियां परीक्षा दे रही थीं, तो बाहर पति बच्चों को संभालने में जुटे थे। कासगंज के नरेंद्र मौर्य ने रोते बेटे शिवांश को दूध पिलाकर चुप कराया, जबकि बेटी कनक भी साथ थी। वहीं, मथुरा के अमित कुमार अपने बच्चों पृथ्वी और अवंतिका को थपकी देकर सुलाने की कोशिश कर रहे थे।
विज्ञापन

पत्नी दे रहीं परीक्षा, बाहर पतियों ने संभाले बच्चे - फोटो : संवाद
ग्राफ के सवालों ने उलझाया
प्रश्नपत्र में ग्राफ आधारित सवालों को हल करने में काफी समय लगा। सवाल समझने और उनका सही उत्तर निकालने में परेशानी हुई। - नवनीत कुमार, अभ्यर्थी
सामान्य ज्ञान के कुछ प्रश्न उम्मीद से कठिन लगे। कुछ सवालों के जवाब याद करने में समय लगा। बाकी प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य था। - शालू, अभ्यर्थी
रसायन विज्ञान के कुछ प्रश्न कठिन थे। उन्हें हल करने में अपेक्षा से ज्यादा समय लगा। रसायन विज्ञान के सवालों ने थोड़ा उलझाया। - मुस्कान, अभ्यर्थी
प्रश्नपत्र में आसान और कठिन, दोनों तरह के सवाल थे। कुछ प्रश्न सीधे थे, जबकि ग्राफ और सामान्य ज्ञान के सवालों में अधिक समय लगा। - नीतू, अभ्यर्थी

परीक्षा के बाद शहर में लगा जाम
पीईटी के बाद रामघाट रोड, आगरा रोड, जीटी रोड, क्वार्सी से अनूपशहर रोड पर काफी देर तक जाम लगा रहा। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए अलीगढ़ से कानपुर सेंट्रल के लिए दोपहर व शाम तो दो परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। अलीगढ़ जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के इंतजामों का उप मुख्य यातायात प्रबंधक, टूंडला, अमित आनंद ने जायजा लिया। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों के लिए 100 अतिरिक्त बसें चलाई गईं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें