उत्तर प्रदेश के हाथरस में हाल ही में 19 वर्षीय एक युवती से हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हाथरस के पुलिस अधीक्षक विक्रांतवीर ने शनिवार को बताया कि यह घटना 14 सितंबर को चंदपा पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी।
उन्होंने बताया कि पीड़िता ने मजिस्ट्रेट को दिए अपने बयान में कहा था कि चार युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसका गला घोंटने की कोशिश की, जिसमें पीड़िता की जीभ कट गई।
उन्होंने बताया कि पीड़िता ने चारों आरोपियों की पहचान संदीप, रामू, लवकुश और रवि के रूप में की थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संदीप को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में रामू और लवकुश को गिरफ्तार किया गया और शनिवार को चौथे आरोपी रवि को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मुकदमा त्वरित अदालत में चलाया जाएगा। पीड़िता को घटना के दूसरे दिन अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वह वेंटिलेटर पर है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जाती है ।
इस बीच अलीगढ़ में कांग्रेस के नेता श्यौराज जीवन ने आरोप लगाया कि हाथरस पुलिस ने इस घटना की जांच में लापरवाही बरती है। उन्होंने पीड़िता के परिजनों को सुरक्षा प्रदान करने और 20 लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने की सरकार से मांग की।