यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। जहां एक ओर सभी सूचनाओं का डाटा संग्रह किया जा रहा है, वहीं डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने 25 व 27 फरवरी को प्रधानाचार्यों के साथ बैठक बुलाई है। इस बैठक में नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने पर चर्चा की जाएगी।
तहसील खैर एवं कोल के सभी प्रधानाचार्यों की बैठक 25 फरवरी और इगलास, गभाना व अतरौली के प्रधानाचार्यों की बैठक 27 फरवरी को हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज में सुबह साढ़े 11 बजे से बुलाई गई है। डीआईओएस ने सभी परीक्षाकेंद्रों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
इस बैठक में परीक्षा केंद्र के कक्ष, फर्नीचर, अलमारी, बाउंड्रीवॉल, अग्निशमन यंत्र, सड़क, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, जेनरेटर, सीसीटीवी कैमरा, वॉयस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे, शिक्षकों की उपलब्धता, कंप्यूटर ऑपरेटर, शिक्षक आदि की जानकारी मांगी जाएगी।
इसके अलावा सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर प्रवक्ता, सहायक अध्यापक, लिपिक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का विवरण मांगा गया है। इस विवरण के प्राप्त होने पर विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी लगाई जाएगी।