यूपी बोर्ड की परीक्षा आज (18 फरवरी) से शुरू हो रही है। पहले दिन हाईस्कूल के 59787 और इंटरमीडिएट के 56773 परीक्षार्थी हिंदी विषय की परीक्षा देंगे। वहीं, डीएम चंद्रभूषण सिंह ने दो टूक कहा कि परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे व डीवीआर बंद मिले तो केंद्र व्यवस्थापक नपेंगे। परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में होने चाहिए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही परीक्षा के दौरान किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो उसे जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘अतरौलिया’ बोर्ड में पड़ने वाले परीक्षा केंद्रों पर नजर रहेगी।
9 एलईडी से 155 केंद्रों की परीक्षा पर रहेगी नजर
जिले में 155 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा पर नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज अलीगढ़ में बने कंट्रोल रूम में लगी 9 एलईडी से नजर रखी जाएगी। परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए जिला प्रशासन जुटा है। जिले की परीक्षा केंद्रों पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम टीम बाकायदा हर परीक्षा केंद्रों पर नजर रखेगी। डीआईओएस धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे को एलईडी से जोड़ा जाएगा। हर एलईडी पर लगभग 15-16 परीक्षा केंद्रों की लाइव मानीटरिंग की जाएगी। वहीं, यूपी बोर्ड से नामित स्टेट निरीक्षक मनोज गिरि, संयुक्त शिक्षा निदेशक जितेंद्र मलिक, डीआईओएस कंट्रोल रूम का जायजा लिया।
अराजक तत्वों से निपेटगा चार्ली-डेल्टा
बोर्ड परीक्षा के दौरान अलग कहीं कोई परेशानी आती है या अराजक तत्व परीक्षा की गोपनीयता भंग करते हैं। अगर कहीं नकल या फर्जी परीक्षार्थी की सूचना मिलती है तो सभी से चार्ली और डेल्टा निपटेगा। चार्ली और डेल्टा के साथ नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में पुलिस कंट्रोल रूम का वायरलेस लगाया गया है। अप्रिय स्थिति में नोडल अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर 10 मिनट में पहुंच सकते हैं। हालांकि, संवेदनशील व अतिसंवेदनशील केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अलग से लगाई गई है।
सटीक उत्तर से पा सकते हैं अच्छे नंबर
यूपी बोर्ड की परीक्षा मंगलवार से शुरू हो रही है। परीक्षा को लेकर परीक्षा कक्ष में होने वाले तनाव से बचने की सलाह महेश्वर कन्या इंटर कॉलेज की 10 टॉपर रचना राजपूत व प्रधानाचार्या इंदु गौतम ने दी है। रचना बताती हैं कि सामाजिक विज्ञान में भूगोल, इतिहास के प्रश्नों का अगर सटीक उत्तर दे देते हैं, तो पूरे नंबर मिलते हैं और यही पोजीशन को अच्छा करने में अहम भूमिका निभाता है। रचना को भी पुरातन छात्र समिति साइकिल दे चुकी है।
टॉपर के अनुभव से लाएं अच्छे नंबर
मुझे भूगोल व इतिहास के उत्तर में रटने में परेशानी आती थी। मेरा भी पूरा फोकस अंग्रेजी सहित अन्य विषयों पर था। जब यह दिक्कत मैंने अपनी शिक्षिका बताई, तो उन्होंने कहा कि इसमें अगर सटीक उत्तर लिखती हैं, तो केवल दो-चार नंबर ही कटते हैं। मैंने उनकी बात पर अमल किया और कॉलेज में टॉप किया।
रचना राजपूत, 10 टॉपर महेश्वर कन्या इंटर कॉलेज अलीगढ़
सभी परीक्षार्थी तैयारी से ज्यादा स्ट्रेटजी पर विशेष ध्यान दें। अपने लक्ष्य पर फोकस रखें। विशेष बिंदुओं को रेखांकित करें। प्रश्न पत्र को कुशलतापूर्वक एवं निर्धारित समय सीमा के अंदर करें। किसी भी विषय को हल्के में न लें। सभी विषय महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि सभी विषय अच्छी पोजीशन दिलाने में सहायक होंगे। आत्मविश्वास व सकारात्मक सोच के साथ प्रत्येक दिन की शुरुआत करें।
-इंदु गौतम, प्रधानाचार्या, महेश्वर कन्या इंटर कॉलेज अलीगढ़
रोडवेज ने विद्यार्थियों की सुविधा हेतु दो बसों को लगाया
यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर परिवहन निगम ने भी विद्यार्थियों को सहूलियत दी है। आरएम परवेज खान के मुताबिक बुद्ध विहार डिपो की बस संख्या यूपी 81 ए एफ 2605 इगलास के गांव गोरई से विद्यार्थियों को बेसवां स्थित परीक्षा सेंटर पर लाने और ले जाने के काम में लगाई गई है। इधर, विजयगढ़ अकराबाद के गांव मंडनपुर स्थित एक कालेज में पढ़े सेंटर पर परीक्षार्थियों को लाने और ले जाने के लिए बुद्ध विहार डिपो की बस संख्या यूपी 81 वाई 9645 को लगाया गया है। दोनों ही बसें निर्धारित गांव के बस अड्डों पर सुबह और दोपहर की पाली में तैयार मिलेंगी। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर हर हाल में यह बसें पहुंचा देंगी। इस सेवा के बदले परीक्षार्थी से तय शुल्क लिया जाएगा।। इसके साथ ही सभी बस चालकों और परिचालकों को निर्देश दिए हैं कि वह रास्ते में मिलने वाले परीक्षार्थियों के लिए बस को रोकें।