क्षेत्र के ग्राम बघियार के जंगलों में स्थित प्रसिद्ध छतेरे महादेव बाबा मंदिर में अज्ञात लोगों की गई तोड़फोड़ से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। मामले में ग्राम प्रधान जुगेंद्र सिंह यादव ने अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
ग्राम प्रधान ने बताया है कि मंदिर परिसर में खाटूश्याम की प्रतिमा स्थापित है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। शुक्रवार सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो प्रतिमा का शीशा टूटा हुआ मिला। इसके अलावा मंदिर परिसर स्थित धर्मशाला में रखे इन्वर्टर, लाइट और अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। मंदिर से पीतल का एक घंटा गायब होने की भी जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस ने बताया है कि पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।