सिविल लाइंस थाना पुलिस ने कंट्रोल रूम के सीसीटीवी की मदद से कोचिंग के छात्र सहित दो युवकों को चोरी की बुलेट संग दबोचा है। यह छात्र एएमयू में दाखिले की तैयारी के लिए यहां कोचिंग कर रहा था। दोनों मुरादाबाद के रहने वाले हैं।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस के अनुसार, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सहयोग से मुरादाबाद मैनाढेर के मो. कैफ व मो. सारिक पुत्र माहिर हुसैन को गिरफ्तार किया है। इनके पास से बुलेट बाइक बरामद की है। इसके संबंध में पहले से चोरी का मुकदमा दर्ज था।
छात्र कैफ ने बताया कि उसका दोस्त शाहरुख मुरादाबाद में पुरानी बाइक की दुकान करता है। यह बाइक उसी से खरीदी है। उसने स्वीकारा था कि बाइक दिल्ली के सीलमपुर से चोरी की गई थी। इधर, बन्नादेवी पुलिस ने सराय रहमान के मो.राजा को गिरफ्तार किया है। रोरावर पुलिस ने मैनपुरी के थाना भोगांव के गिहार कालोनी निवासी पिंटू, आदेश व नन्नी उर्फ शिव कुमार को चोरी के 12 हजार रुपये, 750 ग्राम नशीला पाउडर, घटना में प्रयुक्त बाइक समेत गिरफ्तार कर जेल भेजा है। देहलीगेट पुलिस ने जानलेवा हमले के आरोपी बाबी निवासी घासीपुर, मडराक को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो