भागवत कथा समापन के बाद जयप्रकाश उर्फ भोला और उमेश अपने गांव के करीब 50 श्रद्धालुओं के साथ बस द्वारा सांकरा गंगा घाट पर कलश विसर्जन के लिए पहुंचे। कलश विसर्जन के बाद सभी स्नान करने लगे। इसी दौरान जयप्रकाश और उमेश गहरे पानी में चले गए।
अलीगढ़ के दादों स्थित सांकरा गंगा घाट पर 25 मई दोपहर कलश विसर्जन के बाद स्नान करते समय दो युवक गंगा में डूब गए। लोगों ने एक को सकुशल निकाल लिया, लेकिन दूसरा युवक गहरे पानी में डूब गया। पुलिस के साथ देर शाम तक क्षेत्रीय गोताखोर उसे तलाश रहे थे।
विज्ञापन
गंगीरी क्षेत्र के गांव लालगढ़ी में भागवत कथा का आयोजन हुआ था। समापन के बाद गांव निवासी जयप्रकाश उर्फ भोला (23) पुत्र कुंदन सिंह और उमेश पुत्र हरि सिंह अपने गांव के करीब 50 श्रद्धालुओं के साथ बस द्वारा सांकरा गंगा घाट पर कलश विसर्जन के लिए पहुंचे थे। कलश विसर्जन के बाद सभी स्नान करने लगे। इसी दौरान जयप्रकाश और उमेश गहरे पानी में चले गए।
दोनों को डूबता देख मौजूद लोगों के शोर मचाने पर स्थानीय गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद उमेश को बाहर निकाल लिया, लेकिन जयप्रकाश का सुराग नहीं लगा। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। जयप्रकाश की चार माह पहले शादी हुई थी और वह दो भाइयों में बड़ा था। हादसे के बाद गंगा घाट पर चीख-पुकार मच गई। खबर लिखे जाने तक युवक की तलाश जारी थी।