क्वार्सी और कोतवाली नगर थाना क्षेत्रों में शादी तय होने के बाद दो युवतियां लापता हो गईं। दोनों ही मामलों में दो युवकों पर युवतियों को नकदी जेवर सहित बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाकर परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
क्वार्सी थाना क्षेत्र की एक 24 वर्षीय युवती 22 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे के बाद लापता हो गई। पिता ने दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा है कि युवती की मां दोपहर करीब 1:30 बजे राशन लेने जा रही थी। उन्होंने युवती को गौरव नाम के युवक से बात करते देखा और टोका।
करीब दो बजे लौटते समय रास्ते में युवती ने बाजार जाने की बात कही लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों के अनुसार घर से युवती की शादी के लिए कर्ज व रिश्तेदारों से जुटाए गए करीब 95 हजार रुपये, लगभग दो तोले सोने के जेवर और 250 ग्राम चांदी के जेवर गुम हैं। आरोप है कि गौरव अपने परिवारजनों की मदद से युवती को बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायत करने पर धमकी दी जा रही है।
दूसरे मामले में कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में रिश्ता पक्का होने के बाद एक 19 वर्षीय युवती लापता हो गई। युवती की करीब तीन महीने बाद शादी होनी थी। आरोप है कि 24 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:16 बजे गुलफान ने घर के नंबर पर कॉल किया और उसके बाद दोपहर करीब 3:30 बजे युवती घर से लापता हो गई। परिजनों का आरोप है कि गुलफान अपने भाई राजा, इस्लाम व अन्य परिजनों के साथ मिलकर युवती को अपने साथ ले गया है।
एसपी सिटी आदित्य बंसल का कहना है कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और सीडीआर आदि के माध्यम से युवतियों व नामजद आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।