कस्बा के गौमत तिराहे के समीप रविवार की दोपहर हिंदूवादी संगठनों ने भैंस और पड़रों से लदे दो ट्रकों को पशु क्रूरता के आरोप में पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर चालक-क्लीनरों को हिरासत में ले लिया है।
विश्व हिंदू परिषद गोरक्षा विभाग के ब्रज प्रांत अध्यक्ष परमेश्वर भारद्वाज ने बताया कि उन्हें सूचना मिली की मथुरा के कोसी से दो ट्रकों में 100 से ज्यादा भैंस और पड़रों को क्रूरतापूर्वक लादकर खुर्जा ले जाया जा रहा है, इस पर उन्होंने श्रीराम सेना के प्रवीण कुमार और गोरक्षा दल के करन सिंह के साथ तीनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ दोनों ट्रकों को गौमत तिराहे पर रोक लिया। ट्रक में भैंस बुरी तरह ठूंसकर भरी गई थी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ट्रकों और चालक-क्लीनर को थाने ले आई।
पुलिस ने ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं की मदद से ट्रकों से भैंसों को खींच-खींच कर बाहर निकाला। इनमें से छह भैंस मर चुकी थीं, जबकि कई बुरी तरह से जख्मी थीं। इनकी हालत देखकर संगठन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों की सुपुर्दगी में देने की भी मांग की।
वहीं 100 से ज्यादा भैंस और पड़रों से थाने में अव्यवस्था की हालत हो गई थी। थाना प्रभारी हरिभान सिंह का कहना है ट्रकों के चालकों को पशु क्रूरता के मामले में हिरासत में लिया गया है, जिनसे अभी पूछताछ की जा रही है।