कस्बे के मोहल्ला पारुआन, भिस्तियान और महाजनान में करीब दो हजार की आबादी 27 घंटे से बिजली न मिलने से बेहाल है। सोमवार की देर शाम तक बिजली विभाग के कर्मचारियों ने खंभे तो खड़े करा दिए थे, लेकिन टूटी केबिल की जगह नई केबल नहीं खिंच पाई थी। लोग घरों के बाहर ही इधर-उधर बैठकर बिजली आने का इंतजार कर रहे थे।
रविवार की शाम करीब चार बजे कस्बे के बिरला चौक पर एक ट्रक में बिजली के केबल फंस गई। ट्रक केबल को घसीटते हुए चला गया, जिससे केबल फुंकने के साथ ही चार खंभे टूट गए थे। इससे रविवार की शाम चार बजे कस्बे की बिजली गुल हो गई।
बाद में विद्युत विभाग ने चार खंभों की आपूर्ति काटकर कस्बे में अन्य जगह बिजली की आपूर्ति शुरू कर दी। मोहल्ला पारुआन, भिस्तियान और महाजनान में रविवार को पूरी रात और सोमवार को पूरे दिन बिजली गुल रही। गरमी में करवटें बदलते हुए किसी तरह लोगों ने रात काटी। सोमवार की सुबह से पानी की समस्या शुरू हो गई। शाम साढ़े सात बजे तक इन तीनों मोहल्लों में बिजली की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी थी।
रविवार की शाम हाइड्रा न मिलने से खंभे गाड़ने के लिए गड्ढे नहीं खोदवाए जा सके थे। सोमवार को गड्ढे खोदवाकर खंभे खड़े करवा दिए गए हैं। कर्मचारी लगे हैं। रात तक तीनों मोहल्लों में बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित कराने का प्रयास है।-सुनील कुमार, एसडीओ।