कांग्रेस के दिग्गज नेता व राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल की निधि से जिले में भी विकास कार्य हुए हैं। उनकी निधि से इगलास तहसील के दो गांवों में 40 लाख रुपये में सड़क बनी हैं। राज्यसभा सांसद सिब्बल की निधि रायबरेली से दूसरे जिलों को जाने का प्रकरण चर्चाओं में आने के बाद यह तथ्य उजागर हुआ है। हालांकि यह निधि वित्तीय वर्ष 2019-20 में आवंटित हुई थी। इसके बाद कोई बजट या प्रस्ताव नहीं मिला है।
रायबरेली में इन दिनों कपिल सिब्बल की निधि का मसला सुर्खियों में है। चूंकि रायबरेली उनका नोडल जिला है। इसलिए जहां भी निधि आवंटित की जाएगी। उसका प्रस्ताव व बजट रायबरेली से ही जाएगा। रायबरेली से मिली जानकारी के अनुसार इस बार भी वहां से अलीगढ़ के लिए बजट प्रस्ताव जारी किया गया है। वहीं इस विषय में स्थानीय स्तर पर भी चर्चाएं हैं। इसी क्रम में जब पुरानी पत्रावलियां पलटी गईं तो पता चला कि कपिल सिब्बल की निधि से इगलास तहसील के गांव गोरई में 150 मीटर व तोछीगढ़ में 200 मीटर सड़क 40 लाख रुपये से निर्मित कराई गई है। इस बात की पुष्टि करते हुए सीडीओ अंकित खंडेलवाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 में राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल की निधि से यहां दो विकास कार्य हुए हैं। इसके बाद कोई प्रस्ताव या बजट इस वित्तीय वर्ष में अब तक नहीं मिला है। वहीं डीएम चंद्रभूषण सिंह कहते हैं कि सांसद कपिल सिब्बल की निधि को लेकर अभी तक हमारे स्तर से कोई जानकारी नहीं मांगी गई है।