जीटी रोड स्थित गांव सिसरोई के पास शनिवार की दोपहर को सड़क पार करते वक्त एक महिला से बाइक सवार युवक टकरा गया। हादसे में दोनों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाना पुलिस ने बताया है कि हाथरस के थाना सहपऊ के गांव मडाका निवासी अनुराग (26) पुत्र अशोक कुमार अपने चचेरे भाई गुलशन के साथ शनिवार को बाइक से पनैठी होकर अकराबाद की ओर जा रहे थे। रास्ते में डीटी रोड पर पैदल सड़क पार कर रहीं शारदा (35) पत्नी हेमेंद्र सिंह से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में तीनों सड़क पर गिर गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना िमलने पर थाना पुलिस पहुंच गई। तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां अनुराग व शारदा देवी की उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चंद्रवाल ने बताया है कि दोनों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। महिला ने पति सहित चार बच्चे शिवानी, मोना, संगम व रितेक को रोता हुआ छोड़ा है।