बहादुरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम रायतपुर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। थाना पुलिस के अनुसार अभी तहरीर नहीं मिली है।
गांव निवासी चंद्रवीर ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी गायत्री की तीन जनवरी की रात अचानक तबियत खराब हो गई थी। रात में ही 3.30 बजे वह पत्नी को हाथरस के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे जहां डाॅक्टरों ने गंभीर बताकर सरकारी अस्पताल ले जाने के लिए कह दिया। इस पर वह हाथरस के बागला जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति सहित ससुराल वालों ने बताया कि गायत्री का रक्तचाप कभी-कभी लो हो जाता था। महिला की बड़ी बहन उषा की शादी चंद्रवीर सिंह के भाई मनोज के साथ हुई थी।
संदिग्ध मौत की सूचना पर कोतवाल नरेंद्र यादव सहित सीओ महेश कुमार पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ ने बताया कि मायके पक्ष से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो उसके अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी। गायत्री के तीन वर्ष तथा दो वर्ष की दो बेटियों का रोकर बुरा हाल था।