उत्तराखंड के चमोली में बीते रविवार (7 फरवरी) को आए जल प्रलय से ऋषिगंगा प्रोजेक्ट में कार्यरत सन इंडिया कंपनी के इंजीनियर अजय कुमार शर्मा (32 वर्ष) पुत्र बाबूलाल शर्मा निवासी गनेशनपुर की भी जान चली गई। मंगलवार की सुबह उनका शव ऋषिगंगा प्रोजेक्ट के मेन गेट से बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की दोपहर में शव गांव पहुंचा। चचेरे भाई अंशुल शर्मा ने शव को मुखाग्नि दी। वहीं, गंगीरी क्षेत्र के गांव नौगवां निवासी राहुल (25 वर्ष) पुत्र भगवती प्रसाद की भी इस हादसे में मौत हो गई।
तीन भाइयों में सबसे बड़े अनिल कुमार शर्मा सन इंडिया कंपनी में एमडी हैं। इसी कंपनी में उनके छोटे भाई अजय कुमार शर्मा सिविल इंजीनियर थे। हादसे वाले दिन सुबह करीब सात बजे अजय अपनी पत्नी रेखा और मां से फोन पर बात की थी। परिवार के अनुसार, बड़े भाई अनिल हादसे वाले दिन दिल्ली में थे। अजय की उनसे भी सुबह 9 बजकर 58 मिनट पर बात हुई थी। इसके बाद टीवी पर जल प्रलय की खबर देखकर वह अवाक रह गए। उन्होंने तत्काल अजय को फोन मिलाना शुरू किया लेकिन संपर्क नहीं हुआ। अनिल तत्काल दिल्ली से चमोली लौटे। मंगलवार की सुबह ऋषिगंगा प्रोजेक्ट के गेट पर अजय का शव मिलते वह बदहवास हो गए।
बुधवार को गांव में अंतिम संस्कार के दौरान तहसीलदार न्यायिक ऊषा सिंह, कानूनगो गुरुकेश यादव, कानूनगो त्रिमोहन और कोतवाल जितेंद्र सिंह भदौरिया भी मौजूद रहे। अतरौली तहसीलदार सुरेंद्र सिंह के अनुसार, गंगीरी क्षेत्र के गांव नौगवां निवासी 25 वर्षीय राहुल पुत्र भगवती प्रसाद ऋषि गंगा प्रोजेक्ट में काम करते थे। हादसे में राहुल की मौत हो गई। हरिद्वार में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अलीगढ़। एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल ने बताया कि मृतक इंजीनियर अजय कुमार के परिवार को दो लाख रुपये जिला आपदा प्रबंधन कोष से प्रशासन ने दिए हैं।
इंजीनियर अजय कुमार शर्मा का फाइल फोटो।- फोटो : PISAWA