नगर के रामघाट रोड स्थित सांवरिया नर्सिंग होम और श्री राम हॉस्पिटल को जिला मुख्यालय से पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया है। सांवरिया नर्सिंग होम के एक कर्मचारी द्वारा प्रसूता के ऑपरेशन के एवज में रकम वसूलने का कथित वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्रवाई की है। वहीं, श्री राम हॉस्पिटल को एक मरीज से अधिक रुपये लेने के मामले में सील कर दिया गया है।
सांवरिया नर्सिंग होम के संचालक डॉ. संजय छौकर ने कहा है कि एक आशा द्वारा अस्पताल कर्मी को प्रलोभन देकर बदनाम करने के उद्देश्य से फर्जी वीडियो वायरल किया गया है। नर्सिंग होम को बदनाम करने की यह साजिश है। अधिकारियों सामने वह अपना पक्ष रखेंगे। श्री राम हॉस्पिटल के संचालक योगेश मथुरिया ने बताया कि किसी ने झूठी शिकायत की है। स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस दिया है, जिसका जवाब जल्द देंगे। संवाद
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
अतरौली। गांव नहल निवासी मेहर सिंह ने शिकायत की थी कि रामघाट रोड पर संचालित एक अस्पताल संचालक ने उसका गलत ऑपरेशन कर दिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। करीब तीन माह तक मेरठ और दिल्ली में उसका इलाज चला। जिसमें 6:50 लाख रुपये खर्च हो गए, तब जाकर उसकी जान बची। डीएम से शिकायत के बाद सीएमओ ऑफिस में पीड़ित ने अपने बयान और इलाज से संबंधित कागजात भी उपलब्ध करा दिए, लेकिन स्वस्थ विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर सका है। सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी ने कहा कि इस मामले की जांच तेजी से की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।