सोमवार की दोपहर हामिदपुर स्थित एक पेट्रोल पंप में सेल्समैन से लूटकर बाइक सवार तीन बदमाश पलवल की ओर भाग निकले। सेल्समैन के अनुसार दो लाख रुपये की लूट हुई है, जबकि एसपी देहात का कहना है कि डेढ़ लाख रुपये लूटे जाने की सूचना मिली है। पुलिस जांच व आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सोमवार की दोपहर पेट्रोल पंप पर सेल्समैन हरेंद्र से तीन युवकों ने अपनी बाइक में 200 रुपये का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद रुपये का भुगतान क्रेडिट कार्ड से करने के लिए कहा। इस पर सेल्समैन हरेंद्र पेट्रोल पंप के आफिस से ई भुगतान मशीन लाने और अपने पास मौजूद रुपये रखने के लिए गए।
सेल्समैन के अनुसार वह आफिस में मेज की अलमारी में रुपये रख रहे थे तभी पीछे से बदमाश आफिस में घुस आए। एक बदमाश ने कुल्हाड़ी से मेज पर वार किया, जिससे वह डर गया। तभी दूसरे ने तमंचा निकाल लिया। इसके बाद वह दो लाख रुपये लूटकर भाग निकले।
डेढ़ लाख रुपये लूटे जाने की मिली सूचना : एसपी देहात
एसपी देहात शुभम पटेल का कहना है कि हामिदपुर स्थित पेट्रोल पंप से डेढ़ लाख रुपये लूटे जाने की सूचना पुलिस को मिली है। ऐसी आशंका है कि लुटेरों में से एक पूर्व में उक्त पेट्रोल पंप पर काम कर चुका है। यह लूट की घटना है अथवा रुपयों के लेन-देन का कोई मामला है, दोनों ही बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा।