शनिवार की रात सफेदपुरा गांव के समीप टेंपो व कार की आमने-सामने से हुई टक्कर में टेंपो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पांच अन्य घायलों को इलाज के बाद जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
शनिवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे गांधीपार्क रोडवेज बस स्टैंड से एक टेंपो अतरौली के लिए सवारी लेकर जा रहा था। चालक समेत आठ लोग मौजूद थे। सफेदपुर गांव के समीप सामने से आ रही कार ने टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों वाहनों की दिशा बदल गई।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल दो एंबुलेंस बुलाकर घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने 21 वर्षीय सौरभ तौमर पुत्र तुलाराम निवासी गूलर रोड थाना देहलीगेट को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय विनोद पुत्र अमर सिंह निवासी रामपुर दलपतपुर थाना अतरौली को जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे में घायल हरिश्चंद्र, उनकी पत्नी प्रेमवती, भाई हेमंत व उसकी पत्नी मीना तथा दो वर्षीय भतीजी पलक निवासीगण गांव कैंथा थाना राठ जिला हमीरपुर को जिला अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतक सौरभ टेंपो चालक का दोस्त था जो चालक के कहने पर उसके साथ रात में अतरौली जा रहा था।
वहीं विनोद राजस्थान के पुष्कर शहर में नौकरी करते थे। लॉकडाउन के चलते वह अपने गांव लौट रहे थे। उनके परिवार में पत्नी कल्पना तथा पांच बच्चे राजू, काजल, शिवा, अलका व राज का रोकर बुरा हाल था। रविवार रात तक मामले में कोई तहरीर थाने नहीं पहुंची थी। कार छोड़कर उसमें सवार लोग भाग गए थे।